fbpx
चंदौलीपंचायत चुनावराज्य/जिला

चंदौली में पंचायत आरक्षण को लेकर आपत्तियों की बाढ़, कुल इतनी आपत्तियां, जानें अब क्या होगा

चंदौली। चंदौली जिले में पंचायत आरक्षण को लेकर आपत्तियों की बाढ़ सी आ गई। न्यायालय के दखल के बाद दोबारा आरक्षण सूची जारी हुई तो असंतुष्टों की संख्या भी काफी बढ़ गई। मंगलवार आखिरी दिन तक डीपीआरओ कार्यालय में कुल 681 आपत्तियां जमा हो गईं। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी आपत्तियों पर जवाब तैयार करने में जुटे हुए हैं।। आपत्तियों को निस्तारण के लिए डीएम की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। समिति 24 व 25 मार्च को आपत्तियों का अवलोकन करेगी। शिकायतों के निस्तारण के बाद 26 मार्च को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिले में ग्राम प्रधान के 734, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 823, जिला पंचायत के 35 और ब्लाक प्रमुख के नौ पदों के लिए आरक्षण सूची जारी की गई है। न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद 2015 को मूल वर्ष मानते हुए चक्रानुक्रम प्रणाली के तहत 2011 की आबादी के आधार पर आरक्षण सूची जारी की गई। अधिकांश सीटों पर समीकरण एकदम से बदल गया। पहली सूची में अनुसूचित व पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित रहे प्रधान के कई पद इस बार अनारक्षित व महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिए गए। इसी तरह क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य पदों के आरक्षण में भी काफी बदलाव हुआ है। लिहाजा असुतुष्ट लोग आपत्ति दाखिल कर आरक्षण में परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, ब्लाक मुख्यालय और कलेक्ट्रेट सहित आनलाइन आवेदनों को मिलाकर 681 आपत्तियां आईं। आपत्तियों को जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में एकत्रित करने के बाद जवाब तैयार किया जा रहा है। डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे ने बताया कि आपत्तियों पर जवाब तैयार किया जा रहा है। 24 मार्च को जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद 26 मार्च को आरक्षण सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। इसके बाद आरक्षण सूची में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा।

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!