fbpx
ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

यूक्रेन से सकुशल वापस लौटे चंदौली के आदर्श, बयां किए हालात, बोले समझ में आई तिरंगे की ताकत, धन्यवाद भारत सरकार

चंदौली। रूस के हमले के बाद युद्ध के हालात में यूक्रेन में फंसे चंदौली के आदर्श पांडेय शनिवार की भोर में सकुशल घर पहुंच गए। इससे परिजनों ने राहत की सांस ली है। आदर्श ने यूक्रेन के हालात बयां किए। वहीं यूक्रेन में फंसे भारतवंशियों की सकुशल देशवापसी की सार्थक पहल के लिए भारत सरकार का धन्यवाद दिया।

आदर्श यूक्रेन के टर्नाेपिल शहर के नेशनल मेडिकल कालेज में एमबीबीएस की पढ़ाई करते हैं। बताया कि रूस की सेना ने 24 फरवरी की रात नौ बजे के आसपास जैसे ही धावा बोला, यूक्रेन सेना का आपातकालीन सायरन बजा। कालेज प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए छात्रों को तत्काल वहां से निकालने की व्यवस्था की। आदर्श समेत 20 छात्रों का समूह किराए पर निजी वाहन से रोमानिया बार्डर पहुंचा। टैक्सी वाले को लगभग तीन हजार रुपये देने पड़े। बार्डर 25 से 28 फरवरी तक रोमानिया में घुसने के लिए इंतजार करना पड़ा। बताया कि तीन दिन काफी कठिन थे। युद्ध के हालात के बीच हमेशा खतरा बना रहता था। वहीं मौसम भी हमलावर था। रात के वक्त तेज बर्फीली हवा के चलते तापमान लुढ़कर माइनस पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता था। ऐसे में खुले आसमान के नीचे रात काटना काफी मुश्किल था। किसी तरह एक मार्च को रोमानियां की सीमा में घुसने का मौका मिला। रोमानिया सरकार ने भी भारतियों की मदद की। दो दिन तक यहां शेल्टर हाउस में गुजारने पड़े। खाने-पीने व रहने की व्यवस्था थी। तीन मार्च को रोमानिया के बुकारेस्ट से दिल्ली की फ्लाइट मिली। चार मार्च की सुबह साढ़े तीन बजे दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे से यूपी भवन लाया गया। यहां से इनोवा कार से छात्रों को उनके घर भेजा गया। आदर्श पांच मार्च की भोर में चंदौली के सर्वेश्वरी नगर कालोनी स्थित घर पहुंच गए। उन्हें सकुशल पाकर घरवाले ने राहत की सांस ली। पिता रामकुमार पांडेय ने कहा कि ईश्वर की असीम कृपा व सरकार के प्रयासों की वजह से यह संभव हो सका।

यूक्रेन में दिखी तिरंगे की ताकत
आदर्श ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध के हालात में फंसने के बाद तिरंगे की ताकत दिखी। भारतीय दूतावास की एडवाइजरी के अनुसार हमसभी अपने साथ तिरंगा लेकर चल रहे थे। यहां तक कि सुनने में आया कि पाकिस्तान समेत अन्य देशों के छात्रों ने भी अपने वाहनों पर तिरंगा लगा लिया था, ताकि रूस के हमले से बच सकें। सरकार ने की पूरी मदद, नहीं लगा किराया आदर्श ने कहा कि भारत सरकार ने यूक्रेन में फंसे अपने लोगों की पूरी मदद की। रोमानिया से दिल्ली और दिल्ली से घर तक आने का कोई किराया नहीं लिया गया। वहीं जिन लोगों ने पहले से फ्लाइट की टिकट कराई थी, उनका पैसा लौटाया जा रहा है।

हालात सामान्य होने पर जाएंगे वापस
युद्ध के चलते यूक्रेन में अफरातफरी का माहौल है। लोग पलायन करने को मजबूर हैं। आदर्श ने कहा कि सीज फायर के बाद हालात सामान्य होंगे, तो कालेज प्रशासन के निर्देश पर वापस यूक्रेन लौटेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!