fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौली: सड़क हादसे में जिला पंचायत सदस्य की सास की मौत, पति घायल

 

चंदौली। धीना थाना के मचवा गांव के समीप अमड़ा-सकलडीहा मार्ग पर शनिवार की शाम साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे सकलडीहा के सेक्टर एक से जिला पंचायत सदस्य इंदू देवी के पति इटवां गांव निवासी रमेश राम व सास राजमती देवी (७२) घायल हो गईं। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने राजमती को मृत घोषित कर दिया। घटना से कोहराम मच गया। जिला पंचायत सदस्य की सास की मौत की जानकारी मिलने के बाद लोग शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचने लगे।

रमेश अपनी माता राजमती को बाइक पर बैठाकर अपने ननिहाल ककरैत गांव जा रहे थे। जैसे ही मचवा गांव के समीप पहुंचे तभी अचानक साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे रमेश व उनकी मां घायल हो गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने राजमती को मृत घोषित कर दिया। रमेश का प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही नात-रिश्तेदार व शुभचिंतकों ने पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। बसपा प्रत्याशी जयश्याम त्रिपाठी, कांग्रेस के देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना और सपा उम्मीदवार व वर्तमान विधायक प्रभुनारायण यादव ने गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

Back to top button
error: Content is protected !!