
चंदौली। जिले के कंदवा थाना क्षेत्र स्थित घोसवां गांव में शनिवार को धान की रोपाई के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।
मृत महिला की पहचान सैयदराजा थाना अंतर्गत सलेमपुर कला गांव निवासी 40 वर्षीय निराशा देवी पत्नी छोटू राय के रूप में हुई है। निराशा पांच बच्चों की मां थीं, जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है। वह खेतों में काम कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालती थी।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने 17 वर्षीय टोनी, 30 वर्षीय सोनी और 25 वर्षीय वंदना भी झुलस गईं। सभी को तत्काल चंदौली के कमलापति त्रिपाठी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों को विशेष निगरानी में रखा गया है।
सोनी दो बच्चों की मां हैं और उनका परिवार भी पूरी तरह से दिहाड़ी मजदूरी पर निर्भर है। यह प्राकृतिक आपदा न केवल एक महिला की जान ले गई, बल्कि तीन अन्य परिवारों को आर्थिक व भावनात्मक संकट में भी डाल गई है।