ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: एलपीजी संकट पर मुखर सपाइयों का कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन, बड़े आंदोलन की चेतावनी

चंदौली ।  ईरान-इजराइल युद्ध से पैदा हुए एलपीजी गैस सिलेंडर संकट को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। मांगों से संबंधित पत्रक जिलाधिकारी चंद मोहन गर्ग को सौंपा। मांग किया कि एलपीजी संकट को तत्काल दूर किया जाए। जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने आरोप लगाया कि देश की जनता सरकार की गलत नीतियों के कारण एक बार फिर कतार में नजर आ रही है। आपदा के इस काल में प्रशासन व सरकार लोगों को एलपीजी सिलेंडर मुहैया कराने में विफल साबित हो रहे है, जिससे पूरे देश में तनाव की स्थिति कायम है।

सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाले से गैस निकालने के फार्मूले को जानना चाहता है। क्योंकि एलपीजी सिलेंडर आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। संकट की इस घड़ी में घरेलू गैस सिलेंडर को उपभोक्ताओं की पहुंच से दूर करके उसे ब्लैक किया जा रहा है, वहीं कुछ स्थानों में सरकार की ओर से तय रेट से अधिक मूल्य वसूले जा रहे हैं। बावजूद इसके प्रशासन स्थिति को संभालने में नाकाम साबित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर रिफिल कराने की समयावधि 45 दिन निर्धारित कर दी गईं है, जो पूरी तरह से गलत है।

विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल किए। कहा कि सरकार की गलत नीति के कारण समुद्र में गैस व पेट्रोलियम लदे जहाज फंसे हैं, जिससे देश में दिन प्रतिदिन गैस की किल्लत बढ़ रही है। कहा कि सरकार, प्रशासन की निगरानी में आम उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

सपा प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों का दंश देश की 140 करोड़ जनता भुगत रही है। सरकार ने समय रहते सही दिशा में कदम उठाए होते तो आज जनता सिलेंडर लेकर कतार में नजर नहीं आती। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि गैस की सप्लाई निर्बाध गति से हो रही है। डिमांड बढ़ने से परिस्थिति थोड़ी बदली है। यदि कहीं कोई कालाबाजारी या ओवररेटिंग करता है तो उसकी शिकायत दर्ज कराएं। जिला प्रशासन तत्काल कार्यवाही करेगा। संजय सोनकर, चंद्रभानु यादव, मुसाफिर चौहान, चंद्रशेखर यादव, अशोक त्रिपाठी, तसलीम अंसारी, संतोष यादव, सुदामा यादव, इंद्रेश यादव आदि उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!