
चंदौली। धानापुर पुलिस ने सोलर पैनल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 10 सोलर पैनल, चार मोबाइल फोन और 1800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
सीओ सकलडीहा ने बताया कि ग्राम तोरवां स्थित जल निगम की टंकी से अज्ञात चोरों ने 10 सोलर पैनल चोरी कर लिए थे। इस संबंध में शुभम कुमार उपाध्याय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम द्वारा लगातार जांच, सीसीटीवी फुटेज की जांच और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
6 अप्रैल को पुलिस को अहम सफलता मिली, जब मेढ़वा गांव के पास गंगा नदी किनारे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सोलर पैनल सस्ते दाम पर बेचने के लिए योजना बनाकर चोरी की थी। चोरी के बाद पैनलों को एक अधूरे मकान में छिपा दिया गया था और बाद में नाव के जरिए गंगा पार ले जाकर बेचने की तैयारी थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद यादव, अजय यादव और रवि यादव के रूप में हुई है, जबकि एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी आरोपी गाजीपुर जनपद के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

