
चंदौली। जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में शुक्रवार तड़के बारिश के कारण बड़ा हादसा हुआ। सुबह करीब तीन बजे कतवारू राम का कच्चा मिट्टी का मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उस समय परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे। हादसे में पांच लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों की तत्परता से सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में शैलेन्द्र कुमार (30 वर्ष) और राजदेई देवी (62 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धानापुर में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य घायलों में शुभम कुमार (12 वर्ष), नेहा (11 वर्ष) और दिव्यांश (4 वर्ष) शामिल हैं, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं और उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
ग्रामीण सुभाष राम ने बताया कि तड़के अचानक मकान गिरने से जोरदार आवाज हुई। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो पूरा परिवार मलबे में दबा मिला। तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुँचाया।
इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीणों की मजबूरी को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नौली गाँव में अब भी आधा दर्जन से अधिक परिवार कच्चे मकानों में रह रहे हैं। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा गरीबों के लिए चलाई जा रही आवास योजनाओं के बावजूद कई पात्र परिवार अभी तक लाभ से वंचित हैं। ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पक्के मकान उपलब्ध होते तो ऐसी त्रासदी से बचा जा सकता था।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विजय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्राम विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में दर्ज कराए जाएंगे और उन्हें जल्द ही योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

