चंदौलीराज्य/जिला

Crime News: चंदौली में व्यापारी से लूट, बाइक सवार बदमाश 45 हजार नगदी व मोबाइल लेकर फरार

 

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कुरहना नेशनल हाईवे अंडरपास के समीप गुरुवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यापारी और उसके चालक से मारपीट कर 45 हजार रुपये नगदी और मोबाइल लूट लिया। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र के सुरहां गांव निवासी रविंद्र कुमार अपने चालक रोहित सिंह के साथ मैजिक वाहन से धान का बीज बेचने गोरखपुर गए थे। बीज बेचकर दोनों देर रात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान करहना रिंग रोड अंडरपास के पास वाहन रोककर दोनों शौच/पेशाब के लिए उतरे।

तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और दोनों के साथ मारपीट कर 45 हजार रुपये नगद और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित पास के पेट्रोल पंप पर पहुंचे और वहां से किसी के मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। साथ ही अपने चाचा जवाहिर प्रसाद को भी घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। गुरुवार को क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित से पूरी जानकारी ली।

इस संबंध में सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुगलसराय कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!