
चंदौली। उत्तर प्रदेश और बिहार में रेलवे के व्यापक विकास के लिए केंद्र सरकार ने भारी बजट आवंटन किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश को 20,012 करोड़ रुपये, बिहार को 10,379 करोड़ रुपये और झारखंड को 7,536 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। वहीं तीनों राज्यों में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाएं चल रही हैं।
सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णो और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टी ने पत्रकारों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की तुलना में रेलवे का अभूतपूर्व विकास हुआ है और इसका प्रभाव यूपी व बिहार में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने बताया कि केंद्रीय बजट में भारतीय रेल को 2.78 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जिससे रेल संरक्षा, आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं को गति मिलेगी। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में गया जंक्शन के पुनर्निर्माण के साथ चंदौली मझवार सहित 15 स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्य होंगे। इसके साथ ही आधुनिक सिगनलिंग, कवच प्रणाली, ट्रैक नवीनीकरण और क्षमता वृद्धि पर विशेष जोर दिया जाएगा।

