
रिपोर्ट: बाबू चौहान
चंदौली। जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को शहाबगंज थाना परिसर में गैस एजेंसी संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें गैस सिलेंडरों की आपूर्ति, सुरक्षा मानकों और उपभोक्ताओं को समय पर वितरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज ने एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर निर्धारित दरों और शासन द्वारा तय नियमों के अनुसार ही उपलब्ध कराए जाएं। यदि किसी भी एजेंसी द्वारा कालाबाजारी, जमाखोरी या वितरण में अनियमितता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए ही दिए जाएं। किसी भी दुकान, होटल या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को घरेलू सिलेंडर देना नियमों का उल्लंघन है। ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने एजेंसी संचालकों को गैस सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन और वितरण के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। साथ ही गैस की उपलब्धता को लेकर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने और उपभोक्ताओं तक सही जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह, उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव, बालकृष्ण मौर्य, रामचंद्र शाही, सुभाष त्रिपाठी, सुरेश सोनकर सहित क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों के संचालक मौजूद रहे।

