
रिपोर्ट: बाबू चौहान
चंदौली। आगामी होली और रमजान माह को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शहाबगंज थाना परिसर में प्रभारी थाना अध्यक्ष की अध्यक्षता में पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई। ग्राम प्रधान, धर्मगुरु, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रभारी थाना अध्यक्ष अमित सिंह ने उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराते हुए कहा कि होली और रमजान आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के प्रतीक हैं। इन्हें शांतिपूर्वक मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अफवाह फैलाने, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने या सोशल मीडिया पर गलत सूचना साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और पुलिस गश्त बढ़ाने की बात कही गई। डीजे, जुलूस, नमाज व अन्य धार्मिक आयोजनों में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि किसी भी विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और छोटे मतभेद आपसी संवाद से सुलझाएं। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों व धर्मगुरुओं ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। अंत में पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और शांति भंग करने वालों पर कठोर कार्रवाई की बात दोहराई।

