
चंदौली। बलुआ थाना अंतर्गत महड़ौरा गांव प्रधान संगीता सिंह के पति नित्यानंद सिंह उर्फ पंकज की हत्या के मामले में मृतक के भाई अखिलानंद सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूर्व प्रधान मनोज यादव के भाई संतोष यादव का भी आरोपित बनाया गया है। हालांकि पुलिस अभी हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी है।
प्रधानपति नित्यानंद उर्फ पंकज सिंह की मंगलवार की सुबह बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी थी। बुधवार को मृतक के भाई ने गांव निवासी संतोष यादव, धर्मेंद्र यादव, पिंटू उर्फ परमेश्वर यादव, राजनारायण उर्फ मुन्ना यादव के साथ ही बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी थी। संतोष पूर्व प्रधान मनोज यादव के सगे भाई हैं। मनोज की विगत वर्ष गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक प्रधानपति को आरोपित बनाया गया था। मार्च माह में पंकज जमानत पर जेल से छूटकर घर आए थे। मंगलवार की सुबह अपने भाई अखिलानंद के साथ पंपिंग सेट के पास जामुन के पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी बीच पहुंचे बदमाशों ने चारों तरफ से घेरकर उनपर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के दूसरे दिन महरौड़ा गांव में सन्नाटा पसरा रहा। मृत प्रधानपति के घर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। एसओ उदयप्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर चार नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।