
चंदौली। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा सदस्य दर्शना सिंह का राजनीतिक कद बढ़ाते हुए राष्ट्रीय परिषद का सदस्य बनाया है। पार्टी में उनके लंबे अनुभव, सक्रिय भूमिका और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए सम्मान और विश्वास की अभिव्यक्ति बताया है।

राष्ट्रीय परिषद का सदस्य बनाए जाने पर राज्यसभा सदस्य दर्शना सिंह ने पार्टी के केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया। कहा कि यह जिम्मेदारी मेरे लिए केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि संगठन और राष्ट्र की सेवा का अवसर है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र निर्माण की अग्रणी शक्ति बनी है। कहा कि वह इस नई भूमिका के माध्यम से संगठन की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और जनहित के कार्यों को और अधिक गति देने का प्रयास करेंगी।
दर्शना सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक ढांचा, अनुशासन और कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और सशक्त संगठन के बल पर भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाते हुए देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर ले जाएगी। भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने दर्शना सिंह को राष्ट्रीय परिषद का सदस्य बनाए जाने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

