
चंदौली। वाराणसी को चंदौली को जोड़ने वाले मोहनसराय–पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग (कैंट से पड़ाव मार्ग) पर स्थित मालवीय पुल (राजघाट पुल) पर ड्रेनेज स्पाउट एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत कराए जाने के कारण यातायात पुलिस ने 20 दिसंबर से 13 जनवरी तक दिन–रात यातायात डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था तय की गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार मरम्मत कार्य के दौरान पड़ाव चौराहे से नमो घाट की ओर केवल पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों का आवागमन अनुमन्य रहेगा। वहीं स्कूल बसों का संचालन विशेष समयावधि में किया जाएगा। स्कूल बसें नमो घाट से पड़ाव की ओर प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक तथा पड़ाव से नमो घाट की ओर दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक चल सकेंगी।
निर्धारित अवधि में जनपद चंदौली की ओर से आने-जाने वाले ऑटो, ई-रिक्शा, चार पहिया वाहन, एम्बुलेंस एवं स्कूल बसों का आवागमन सामने घाट पुल के माध्यम से कराया जाएगा।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित शर्तों के अतिरिक्त राजघाट व सामने घाट पुल से सभी प्रकार के सवारी वाहन तथा हल्के व भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा राजघाट पुल से दोपहिया वाहनों एवं तय समय के अलावा स्कूल बसों का संचालन भी प्रतिबंधित होगा।
डायवर्जन व्यवस्था के तहत चंदौली से वाराणसी एवं वाराणसी से चंदौली की ओर आने-जाने वाले हल्के एवं भारी मालवाहक वाहन तथा बसें रामनगर चौराहा, टेंगड़ा मोड़, विश्व सुंदरी पुल, डाफी टोल प्लाजा, अमरा-अखरी, मोहनसराय और पंचपेडवा रिंग रोड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।
यातायात पुलिस ने बताया कि स्कूल बसों के संचालन के दौरान संबंधित विद्यालय प्रशासन को पुलिस से समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।

