
चंदौली । मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सहजौर-छेमिया गांव के पास रिंग रोड पर शनिवार रात करीब नौ बजे रुपये के लेनदेन के विवाद में एक युवक ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन के हाथ पैर और एक युवक के पेट में गोली लगी है। सभी घायलों का ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार सहजौर निवासी सूर्यप्रकाश सिंह उर्फ चुन्नू सिंह का रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी क्रम में पुरवा गांव निवासी गोलू यादव (26) से कहासुनी हुई, जो अपने मामा के यहां रह रहा था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गोलू पर गोली चला दी। बीच-बचाव करने आए कृष्ण यादव, सोनू यादव और अक्षय यादव को भी गोली मार दी। पेट में गोली लगने से गोलू की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना पर एसपी, एएसपी, सीओ समेत दो थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

