
चंदौली । नागरिक सुरक्षा कमाण्डिंग ऑफिसर्स की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को एक ब्लैकआउट और एयर रेड मॉकड्रिल का आयोजन बुधवार को शाम 07:30 बजे से रात्रि 08:30 बजे तक किया जाएगा। यह अभ्यास पं. दीनदयाल उपाध्याय रेलवे सर्कुलेटिंग एरिया और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड सरेसर रोड पर आयोजित होगा।
इस मॉकड्रिल का उद्देश्य नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों जैसे कि हवाई हमले या बड़े आपदाओं के प्रति जागरूक बनाना एवं उनकी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को विकसित करना है।
जनता से अपील – ब्लैकआउट के समय क्या करें और क्या न करें:
- निर्धारित समय पर (07:30 PM से 08:30 PM) घर, प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें और इनवर्टर बंद रखें ताकि बाहर से कोई प्रकाश न दिखे।
- एयर रेड सायरन बजते ही शांतिपूर्वक सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
- अफवाहों से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
- नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और स्थानीय प्रशासन का सहयोग करें।
- मॉकड्रिल को गंभीरता से लें – यह आपकी सुरक्षा के लिए है।
- घबराएं नहीं, परिवार और बच्चों को पहले से सतर्क करें।
- मोबाइल या रेडियो पर सरकारी अलर्ट सुनें और जानकारी लें।
- सुरक्षित शरण स्थल और बंकर की जानकारी पहले से प्राप्त करें।
- घर में बिना खिड़की वाला एक मजबूत कमरा तैयार रखें।
- शरण स्थल तक पहुँचने का रास्ता पहले से तय कर लें।
- आवश्यक वस्तुएं जैसे कि तीन दिन का पीने का पानी, सूखा भोजन (बिस्किट, ड्राई फूड), प्राथमिक उपचार किट, टॉर्च, अतिरिक्त बैटरियाँ पहले से तैयार रखें।
- जरूरी दस्तावेज (जैसे पहचान पत्र, मेडिकल रिपोर्ट) सुरक्षित स्थान पर रखें।
- खिड़कियों पर मोटे काले पर्दे या काले कागज लगाएं।
- शीशे से दूर रहें और ज़मीन पर लेट जाएं।
- हवाई हमले के बाद केवल सरकारी निर्देश मिलने पर ही बाहर निकलें।
- घायल हों तो प्राथमिक उपचार करें।
- कोई संदिग्ध वस्तु या बम दिखे तो उसे न छुएं, तुरंत पुलिस को सूचित करें।
- यदि सड़क पर हों तो वाहन को किनारे लगाएं और उसकी लाइट बंद कर दें।
- जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी आदेशों/निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
- यातायात नियमों और आपदा प्रबंधन कर्मियों/पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
महत्वपूर्ण जानकारी:
- हवाई हमले का संकेत: 2 मिनट तक ऊँची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा।
- खतरा समाप्ति का संकेत: 2 मिनट तक एक समान आवाज में सायरन बजेगा।
- नागरिक सुरक्षा नियंत्रण कक्ष का संपर्क नंबर: 05412-254727