
चंदौली। जनपद में धान खरीद का निर्धारित लक्ष्य पूरा होने के बावजूद किसानों की मांग को देखते हुए प्रशासन ने खरीद प्रक्रिया जारी रखने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के आग्रह पर शासन ने 28 फरवरी तक जिले के लगभग 40 क्रय केंद्रों पर धान खरीद जारी रखने की अनुमति दी है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्पादन को ध्यान में रखते हुए धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाया है, जिससे जिले के धान उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस निर्णय से किसानों को अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिलेगी और उन्हें उचित मूल्य प्राप्त होगा। जनपद की अर्थव्यवस्था में धान की खेती की अहम भूमिका है, ऐसे में खरीद जारी रहने से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
फिलहाल प्रत्येक तहसील में 3 से 4 क्रय केंद्र संचालित हैं और सभी प्रमुख काटा मंडियों में खरीद प्रक्रिया निर्बाध रूप से चल रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य केंद्र भी खोले जा सकते हैं।

