ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: सांसद डॉक्टर बिनोद बिंद से मिलीं मछुआरा समाज की महिलाएं, पाकिस्तानी जेल में बंद परिजनों की रिहाई को लगाई गुहार

चंदौली। मुगलसराय कैलाशपुरी स्थित अपने आवास पर भदोही सांसद डॉ. बिनोद बिंद ने जौनपुर के मछलीशहर से आए उस मछुआरा परिवार से मुलाकात की, जिसके सदस्य बीते तीन वर्षों से पाकिस्तान की जेल में बंद हैं।

सांसद ने परिवार की व्यथा सुनी और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी रिहाई के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र भेजा गया है। विदेश मंत्रालय पाकिस्तान दूतावास से संपर्क कर जल्द से जल्द कैद मछुआरों को भारत लाने का प्रयास करेगा। इसके साथ ही सांसद ने परिजनों को आर्थिक मदद देने, बच्चों की शिक्षा और बेटियों की शादी में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

परिवारजनों ने सांसद पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे हमारी पीड़ा को समझ रहे हैं और हमें उम्मीद है कि उनके प्रयास से हमारे परिजन जल्द ही वतन लौटेंगे।

कुछ महीने पहले बिंद समाज की महिलाओं ने भी सांसद को ज्ञापन सौंपकर भावुक अपील की थी। ज्ञापन में हीरावती बिंद के पति विनोद बिंद, पार्वती देवी के पति घुरहू बिंद, कुसुम के पति लालमणि बिंद और अनिता के पति सुरेश कुमार बिंद का नाम शामिल था। सांसद ने तब आश्वासन दिया था कि इस मुद्दे को शासन-प्रशासन तक ले जाया जाएगा और कैद मछुआरों की रिहाई के लिए हरसंभव प्रयास होगा।

बताया जाता है कि 8 फरवरी 2022 को मछली पकड़ते समय ये मछुआरे सीमा पार करते हुए पाकिस्तानी समुद्री क्षेत्र में चले गए थे, जहां पाकिस्तानी सेना ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में सांसद डॉ. बिनोद बिंद विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिख चुके हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस विषय पर चर्चा कर चुके हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!