वाराणसी

वाराणसी : कमरे में पंखे की हुक के सहारे लटकता मिला किशोरी का शव, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी। मंडुआडीह क्षेत्र अंतर्गत घुघुलपुर जलाली पट्टी में सोमवार सुबह कक्षा 8वीं की छात्रा का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी तब हुई, जब सामने के घर की छत पर पतंग उड़ा रहे दो बच्चों ने खिड़की से छात्रा का शव लटका देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया, और मौत के कारणों का पता लगाने में जुट गई।

जानकारी के अनुसार, घुघुलपुर जलाली पट्टी निवासी सब्जी विक्रेता की 16 वर्षीय बेटी आठवीं की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह तक किशोरी बिल्कुल ठीक थी। मंडी से सब्जी लाकर घर पर रखवाया था। उसके बाद बांस की सीढ़ी से पहले तल पर कमरे में चली गई थी।

बगल की छत पर पतंग उड़ा रहे बच्चों ने किशोरी का फंदे से लटका शव देखा तो शोर मचाया। परिजन जब पहुंचे तो देखा किशोरी का शव पंखे के हुक के सहारे लटक रहा था। आनन फानन में किशोरी को फंदे से उतारा गया, पर तब तक काफी देर हो चुकी थी।

सूचना पर एसीपी रोहनिया विदुष सक्सेना, थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह पहुंचे। फिलहाल किशोरी के मौत के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस परिवार से पूछताछ कर रही है। मृत किशोरी दो भाई और चार बहनों में सबसे छोटी थी।

Back to top button
error: Content is protected !!