
चंदौली। बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने शनिवार को सदर विकास खंड के पांच मान्यता प्राप्त विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान चार विद्यालयों में बिना मान्यता के उच्च कक्षाएं संचालित किए जाने का मामला सामने आया, जिस पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी है।
निरीक्षण के दौरान तपोवन विद्यालय, फोनिक्स स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल और सूर्या जूनियर हाई स्कूल में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। इन विद्यालयों को केवल कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन यहां कक्षा 9 से 10 और कुछ स्थानों पर कक्षा 12 तक की पढ़ाई कराई जा रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि कक्षा 9 से 12 के छात्र-छात्राओं का नामांकन अन्य विद्यालयों में दर्ज है, जबकि वे पढ़ाई इन अवैध रूप से संचालित कक्षाओं में कर रहे हैं। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका।
बीएसए सचिन कुमार ने सभी संबंधित विद्यालयों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे केवल मान्यता प्राप्त कक्षाओं का ही संचालन करें। साथ ही चारों विद्यालयों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित पाई गईं, तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

