क्राइमख़बरेंचंदौली

Chandauli News: जिला अस्पताल में अधिवक्ता और गार्ड के बीच विवाद, धक्का-मुक्की से मचा हड़कंप, अधिवक्ताओं ने किया हंगामा

 

चंदौली। जिला अस्पताल में मंगलवार को पर्ची कटवाने को लेकर एक अधिवक्ता और ड्यूटी पर तैनात गार्ड के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते उग्र हो उठा। जानकारी के अनुसार अधिवक्ता अपनी बीमार मां का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। पंजीकरण काउंटर पर पर्ची बनवाने के दौरान किसी बात को लेकर उनकी गार्ड से कहासुनी हो गई।

मामूली बहस ने अचानक तूल पकड़ लिया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल परिसर में पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। वहीं अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों ने भी बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!