क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli Crime news: किराना व्यवसाई की लाठी से पीट कर हत्या करने वाला सनकी कातिल गिरफ्तार, पागल कहने पर हुआ नाराज, दिया घटना को अंजाम

 

चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के तुलसी आश्रम में शुक्रवार तड़के 60 वर्षीय किराना व्यवसाई ओमप्रकाश मौर्य उर्फ उमा साह की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 35 वर्षीय हत्यारोपी बृजेश यादव उसी गांव का रहने वाला है और दिमागी रूप से कमजोर बताया जा रहा है। टहलने के दौरान ही उसका व्यवसाई से विवाद हुआ था।

तुलसी आश्रम नोनार गांव निवासी 60 वर्षीय ओमप्रकाश मौर्य उर्फ उमा साह रोज की तरह तड़के लगभग 4:30 बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। स्टेशन से थोड़ी दूर गांव का ही बृजेश यादव भी शौच के लिए जा रहा था। वह उमा साह के सामने आ गया तो उन्होंने उसे एक किनारे चलने को कहा इसी बात पर वह उनसे भिड़ गया। बोला तुम्हारे बाप की सड़क नहीं है मैं जैसे चाहूं चलूंगा। उमा साह ने उसे पागल कह दिया जिससे उसका गुस्सा और भड़क गया। पास ही में शौच कर रहे अधेड़ व्यक्ति की लाठी ली और उमा साह के सिर पर प्रहार कर दिया। खून से लथपथ उमा जमीन पर गिर पड़े। गिरने के बाद भी सनकी युवक सिर पर तब तक मारता रहा जब तक कि मौत नहीं हो गई। उसने लाठी भी वहीं छोड़ दी और आराम से घर चला गया। उसके हाथ और कपड़ों पर खून लगा था। लोगों ने पूछा तो उसने खुद ही पूरी बात बता दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसे भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। एसपी आदित्य लांघे ने बताया कि हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना से पहले विवाद की बात सामने आई है। मामले की गहन जांच जारी है।

Back to top button
error: Content is protected !!