चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

चंदौली में पेयजल की समस्या के त्वरित निस्तारण को बना कंट्रोल रूम, 24 घंटे रहेगा सक्रिय, खुद डीएम कर रहे निगरानी

चंदौली। आकांक्षात्मक जिले में गर्मी के दिन में पेयजल की समस्या दूर करने के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं होगा। उनकी समस्या के निस्तारण के लिए जिला प्रशासन ने जनपद व ब्लाक स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए हैं। नमामी गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के निर्देश पर यह पहल हुई है। कंट्रोल रूम चौबीस घंटे सक्रिय रहेगा। लोग किसी भी वक्त फोनकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कंट्रोल रूम में मौजूद कर्मी इसे रजिस्टर में अंकित करेंगे। साथ ही संबंधित विभाग को सूचित कर शिकायत का निस्तारण कराएंगे। शिकायत के बाद हुई विभागीय कार्रवाई का विवरण भी दर्ज किया जाएगा।

तीन शिफ्ट में लगी ड्यूटी
कंट्रोल रूम में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है। सुबह दस बजे से शाम छह, शाम छह से रात दो और रात दो से सुबह दस बजे तक तीन शिफ्ट में ड्यूटी रहेगी। संबंधित कर्मी को निर्धारित समयावधि तक कंट्रोल रूम में मौजूद रहकर शिकायतें सुननी होंगी।

जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम
जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम में पंचायती राज विभाग व जलनिगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। फोन नंबर 05412-260248 व 253941 है। कंट्रोल रूम में ड्यूटीरत अधिकारियों-कर्मचारियों के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं। लोग इस पर फोनकर अपनी समस्या बता सकते हैं।

ब्लाक स्तर पर कंट्रोल रूम में सुनेंगे शिकायतें
पेयजल की समस्या से निबटने के लिए ब्लाक स्तर पर भी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। यहां बाकायदा अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बीडीओ दफ्तर के साथ ही अफसर व कर्मियों के नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं। लैंडलाइन नंबर पर फोन न लगने की स्थिति में लोग इन नंबरों पर फोनकर सूचित कर सकते हैं। उनकी समस्या का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।

डीएम को भेजनी होगी रिपोर्ट
जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में ड्यूटी करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को ईमानदारी से ड्यूटी करने की सलाह दी है। उन्हें नियमित आने वाली शिकायतें व इसके निस्तारण की रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। डीएम ने शिथिलता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!