चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

चंदौली में बढ़ेगा सियासी तापमान, एक ही दिन जिले में होंगे गृहमंत्री, रक्षामंत्री और पूर्व सीएम अखिलेश यादव

चंदौली। जिले में दो मार्च को सियासी तापमान चरम पर होगा। सात मार्च को अंतिम चरण में होने वाले मतदान के पूर्व गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व सीएम और सपा नेता अखिलेश यादव दो मार्च यानी बुधवार को चंदौली में जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले गृहमंत्री अमित शाह व सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आगमन को लेकर दोनों ही दलों में खासा उत्साह है। वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह अपने गृह क्षेत्र चकिया सहित मुगलसराय विधान सभा की जनता से रूबरू होंगे। राजनीतिक दलों के स्थानीय संगठन दिग्गज नेताओं के कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट गए हैं।

अमित शाह की बलुआ स्थित बाल्मीकि इंटर कालेज में जनसभा है। वहीं अखिलेश की जनसभा मुख्यालय स्थित पालीटेक्निक कालेज में कराने की तैयारी है। वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुगलसराय विधान सभा क्षेत्र के बबुरी स्थित अशोक इंटर कालेज में जनसभा को संबोधित करेंगे। पूर्व सीएम अखिलेश की जनसभा के लिए सपा पदाधिकारी जल्द से जल्द परमिशन लेने के प्रयास में लगे हैं। प्रशासन की ओर से अनुमति मिली तो दोनों नेता आमने-सामने होंगे। अमित शाह सपा का गढ़ मानी जाने वाली सकलडीहा विधानसभा में हुंकार भरेंगे तो अखिलेश मुख्यालय पर जनसभा कर चारों विधानसभाओं के मतदाताओं के लिए संदेश देंगे। राजनीतिक दिग्गजों के कार्यक्रम तय होने के बाद सियासत गरमाने लगी है। जिले की चारों विधानसभा में भाजपा, सपा, बसपा व कांग्रेस के साथ ही निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। सभी खुद को बीस मानकर चल रहे हैं। ऐसे में चुनावी जंग दिनोंदिन रोचक होती जा रही है। भाजपा सरकार के विकास कार्य व पांच साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच है तो विपक्षी दल सरकार की गलत नीतियों व अपनी पार्टी के सिद्धांतों की थाती लेकर चुनाव मैदान में उतरे हैं। देखना दिलचस्प होगा कि जनता पांच साल के विकास कार्य पर अपना बटन दबाती है अथवा बदलाव को तरजीह देती है। ऐसे में लोगों को 10 मार्च की घड़ी का बेसब्री से इंतजार है।

Back to top button
error: Content is protected !!