ग़ाज़ीपुरराज्य/जिला

अंतरजनपदीय घुड़दौड़ प्रतियोगिता में चंदौली का जलवा, संतोष पाठक के चेतक ने मारी बाजी

गाजीपुर।  जनपद के रेवतीपुर ब्लॉक के टौंगा गांव में आयोजित अंतरजनपदीय विशाल चेतक (घुड़दौड़) प्रतियोगिता में चंदौली जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता ने पूरे इलाके में उत्साह और रोमांच का माहौल बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर किया। इसके साथ ही मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा। प्रतियोगिता में चंदौली के संतोष पाठक के चेतक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया और विजेता की शील्ड अपने नाम की।

वहीं तिवारीपुर के महंगू यादव के चेतक ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि अन्यायीपुर के हवलदार यादव के चेतक को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। मुख्य अतिथि मन्नू सिंह ने विजेता और उपविजेताओं को शील्ड देकर सम्मानित किया। इसके अलावा रामपुर के नागा पहलवान को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

प्रतियोगिता का प्रारूप भी बेहद रोचक रहा। नॉकआउट आधार पर आयोजित इस मुकाबले में पहले और दूसरे चरण में चार-चार चेतकों ने भाग लिया, जबकि तीसरे और अंतिम चरण में तीन चेतकों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। पहले और दूसरे चरण से दो-दो तथा अंतिम चरण से प्रथम स्थान प्राप्त चेतक को फाइनल के लिए चुना गया। फाइनल में पांच चेतकों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

समापन समारोह में मन्नू सिंह ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सुव्यवस्थित आयोजन वास्तव में प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि चेतक प्रतियोगिता भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है और ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर राजन उपाध्याय, अनिल यादव, संजय उपाध्याय, विश्व दीपक, प्रदीप, ओमप्रकाश यादव, सूर्य प्रकाश, प्रिंस, श्यामलाल, श्याम सुंदर, रितेश, संदीप, विजेंद्र, किशन उपाध्याय, रामनिवास, अभिषेक उपाध्याय, गोलू सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक पप्पू, राजू, रामजी, विजन और दिनेश रहे, जबकि कमेंट्री का जिम्मा दिलीप उपाध्याय और विश्व दीपक उपाध्याय ने संभाला। अंत में सचिव प्रदीप उपाध्याय ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Back to top button
error: Content is protected !!