चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: सिविल बार एसोसिएशन वार्षिक चुनाव की तैयारियां मुकम्मल, 4016 मतदाता करेंगे मतदान

चंदौली। सिविल बार एसोसिएशन वार्षिक चुनाव को सकुशल और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ समिति के सदस्य व्यापक तैयारियों में जुटे रहे। शुक्रवार को होने वाले चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए मतदान अधिकारियों की नियुक्ति, मतपत्रों का मिलान, उन पर हस्ताक्षर तथा मतदाताओं को सुचारू रूप से मतपत्र उपलब्ध कराने हेतु टेबल व्यवस्था पर विस्तार से मंथन किया गया।

वरिष्ठ समिति के सदस्य कपिलदेव सिंह एवं चन्द्रमौलि उपाध्याय ने बताया कि इस बार चुनाव में कुल 4016 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1323 आजीवन सदस्य एवं 2693 वार्षिक सदस्य शामिल हैं। दोनों श्रेणियों के मतदाताओं के लिए अलग-अलग टेबल की व्यवस्था की गई है। कुल 15 टेबल बनाए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

उन्होंने बताया कि मतदान सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा। इसके बाद आधे घंटे के चाय विश्राम के उपरांत मतगणना प्रारंभ की जाएगी। मतदान के दौरान पहचान पत्र के रूप में केवल बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा जारी ‘सीओपी’ (Certificate of Practice) ही मान्य होगा, अन्य कोई पहचान पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र प्रेषित कर आवश्यक पुलिस बल की मांग की गई है।

व्यवस्था संचालन में कपिलदेव सिंह, चन्द्रमौलि उपाध्याय, कामता प्रसाद यादव, शशि शंकर सिंह, विनोद कुमार सिंह, शफीक खान, नारायण कुमार, निशिकांत देव एवं मदन सिंह सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!