
चंदौली। सकलडीहा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से एम्ब्रोसिया एकेडमी के खेल मैदान पर CCCL क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण यादव ने फीता काटकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
विधायक प्रभु नारायण यादव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और टीम भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। साथ ही उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन के पश्चात टूर्नामेंट का पहला मुकाबला ड्रीम गुरुकुल इंडियन और नमन चाइल्ड केयर चैलेंजर के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

