
संवाददाता : बाबू चौहान
चंदौली। शहाबगंज क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर आयोजित निःशुल्क नेत्र शिविरों में सैकड़ों मरीजों को जांच, चश्मा वितरण और ऑपरेशन की सुविधा प्रदान की गई। इन जनसेवा कार्यक्रमों से क्षेत्र के जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली।
तियरी गांव स्थित एसआरवीएस कृषि महाविद्यालय परिसर में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह के नेतृत्व में नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। लगभग 700 लोगों ने पंजीकरण कराया। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वैभव और डॉ. ए.के. चौबे ने मरीजों की जांच की। जांच के बाद 500 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मा वितरित किया गया, जबकि 200 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। चयनित मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन वाराणसी स्थित प्रभावती नेत्र अस्पताल में कराया जाएगा।
वहीं, मातृभूमि सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आर.के. नेत्रालय की ओर से शहाबगंज में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से आए मरीजों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों लोगों की जांच कर 21 मरीजों का अत्याधुनिक फेको पद्धति से निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया। मरीजों को दवा और चश्मा भी वितरित किए गए।
आर.के. नेत्रालय के संचालक राजेश विश्वकर्मा ‘राजू’ ने बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य जरूरतमंदों को बेहतर नेत्र उपचार उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम का संचालन सुबास विश्वकर्मा ने किया तथा आभार सत्यानंद रस्तोगी ने व्यक्त किया।

