ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली में आयोजित हुआ महिला किसान दिवस, जैविक खेती और मिलेट्स उत्पादन पर जोर, 9 महिलाओं को किया सम्मानित

चंदौली। कृषि कल्याण केंद्र, चंदौली के सभागार में महिला किसान दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विकास खंडों से आयी महिला किसानों को जैविक खेती, श्रीअन्न (मिलेट्स) उत्पादन और उपभोग, किचन गार्डन और पोषण वाटिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने विस्तार से जानकारी दी। वहीं कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 9 महिला किसानों को शॉल देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक चंदौली ने महिलाओं को प्रेरित किया कि वे समूह बनाकर मिलेट्स (श्रीअन्न) के विभिन्न उत्पादों का निर्माण करें। इससे न केवल उनके आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि उनकी आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने जैविक खेती को अपनाने और मिलेट्स के उत्पादन को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे पोषण सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। जिला कृषि रक्षा अधिकारी चंदौली ने पुरुष किसानों को प्रेरित किया कि वे महिला किसानों के नाम भूमि अधिकार (भूमिधर) करवाएं, ताकि वे कानूनी रूप से महिला किसान की श्रेणी में आ सकें और कृषि योजनाओं का लाभ उठा सकें। इसके साथ ही, महिला किसानों का पंजीकरण कराकर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, जिससे वे विभिन्न लाभकारी योजनाओं का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें।

महिला किसान दिवस का यह आयोजन न केवल जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि महिला किसानों को अपने अधिकारों और अवसरों का बेहतर उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया। यह कार्यक्रम महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Back to top button
error: Content is protected !!