
चंदौली। कई दिनों तक भीषण गर्मी और उमस के बाद सोमवार की दोपहर चंदौली में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं आधा दर्जन झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर एसडीएम दिव्या ओझा ने लेखपाल से सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को क्षतिपूर्ति दिलाने का भरोसा दिलाया।
सोमवार की दोपहर मौसम तेजी से बदला। आसमान में घने बादल छा गए। वहीं झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस दौरान आकाशीय बिजली का भी प्रकोप दिखा। इसकी चपेट में आने से मचिया गांव निवासी अश्वनी दुबे और भगवानपुर के शाबिर की मौत हो गई। वहीं खुशबू निशा, डिग्घी की दिव्या समेत लगभग आधा दर्जन लोग झुलस गए। झुलसे हुए लोगों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अचानक बारिश के चलते मुख्यालय पर कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस लाइन और कचहरी के पास नाले-नालियां चोक होने से पानी जमा हो गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।