चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: ईद-नवरात्र से पहले शहाबगंज पुलिस अलर्ट, पीस कमेटी व चौकीदार बैठक कर कसी सुरक्षा व्यवस्था

रिपोर्ट: बाबू चौहान 

चंदौली । आगामी ईद-उल-फितर और चैत्र नवरात्र को लेकर शहाबगंज पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। मंगलवार को थाना परिसर में शांति, सौहार्द और मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पीस कमेटी और चौकीदारों की अलग-अलग महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया।

थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने कहा कि ईद और नवरात्र जैसे पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता के प्रतीक हैं, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और अफवाहों से दूर रहें।

सोशल मीडिया को लेकर उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और लगातार गश्त के जरिए शांति व्यवस्था कायम रखी जाएगी।

बैठक में उपस्थित लोगों ने भी अपने सुझाव दिए और प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस दौरान उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

चौकीदारों को सतर्क रहने के निर्देश

क्षेत्राधिकारी रघुराज और थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह की अध्यक्षता में चौकीदारों की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर नजर बनाए रखने और हर सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान छोटी सी लापरवाही भी बड़ी समस्या बन सकती है, इसलिए सभी चौकीदार पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने, आपसी समन्वय बनाए रखने और स्थानीय लोगों से संवाद बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!