
चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में होली के दूसरे दिन हुए युवा किसान विशाल सिंह हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे कोई बाहरी अपराधी नहीं बल्कि मृतक का सगा बड़ा भाई ही निकला। पुलिस जांच में सामने आया है कि बड़े भाई विवेक सिंह ने ही साजिश रचकर विशाल सिंह की हत्या करवाई थी। पुलिस ने घटना से जुड़ा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी बरामद कर लिया है और जल्द ही पूरे मामले का औपचारिक खुलासा किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों भाइयों के नाम लगभग 80 बीघा जमीन है। जमीन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवेक सिंह कुछ जमीन बेचना चाहता था, लेकिन विशाल सिंह इसका सख्त विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसके अलावा एक मुकदमे को लेकर भी दोनों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
इसी रंजिश के चलते विवेक सिंह ने अपने ही भाई की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत विशाल सिंह को गांव के बाहर स्थित फार्म हाउस पर गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के बाद विवेक सिंह ने शक से बचने के लिए गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया, ताकि पुलिस का शक दूसरी दिशा में चला जाए।
हालांकि पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, विवेक सिंह की भूमिका संदिग्ध होती गई और आखिरकार पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने खुद इस मामले की मॉनिटरिंग की, जिसके बाद पुलिस टीम ने इस जघन्य वारदात का राजफाश करने में सफलता हासिल की। पुलिस इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों के चेहरों से भी पर्दा उठाएगी।

