क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: होली ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, दरोगा व हेड कांस्टेबल को दौड़ा दौड़ा कर पीटा, हालत गंभीर

 

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में होली के पर्व पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक उपनिरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने 13 नामजद तथा 6 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

अलीनगर थाने पर तैनात आलू मिल चौकी प्रभारी अनिल यादव कांस्टेबल प्रवेश सिंह के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रहे थे। उनका उद्देश्य वांछित अपराधियों की तलाश करना और होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना था।

इसी दौरान मंगलवार रात लगभग 8:30 बजे सूचना मिली कि थाने की द्वितीय मोबाइल टीम में तैनात उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, कांस्टेबल संतोष कुमार एवं चालक हेड कांस्टेबल अनिल कुमार यादव परशुरामपुर क्षेत्र में ड्यूटी पर मौजूद हैं। वहां शराब ठेके के पास कुछ लोग पटाखे जला रहे थे, जिन्हें पुलिस ने समझाकर वहां से हटा दिया।

इसके बाद पुलिस टीम हापुड़ कॉलोनी चौराहे के पास पहुंची, जहां होलिका दहन स्थल के समीप कुछ लोग शराब के नशे में उत्पात मचा रहे थे। पुलिस द्वारा मना करने पर आरोपियों ने आक्रोशित होकर टीम को घेर लिया। आरोप है कि गौतम चौहान, मुकेश चौहान, संतोष यादव, गोलू चौहान, लवकुश चौहान, अमित चौहान (निवासी मवई खुर्द), बाबू चौहान, साधू, विनेश (लोको कॉलोनी), अंकज पासवान (तारनपुर अमोघपुर), चंदन उर्फ सेठ जी, विशाल चौहान, वीरेंद्र यादव सहित अन्य अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

हमले में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल अनिल यादव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर होने पर दोनों को वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आलू मिल चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पीडीडीयू नगर क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) समेत आधा दर्जन से अधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडे ने बताया कि नामजद आरोपियों में से तीन को हिरासत में लिया गया है तथा अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!