
चंदौली । धीना बाजार निवासी मनोज कुमार खरवार ने सोमवार देर रात घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी धीना दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में रहता था। परिजनों के अनुसार मनोज की किडनी खराब थी, जिससे वह लंबे समय से अवसाद में चल रहा था। आर्थिक तंगी के कारण उसका समुचित इलाज भी नहीं हो पा रहा था।
सोमवार रात वह बाहर से घर लौटा और कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पत्नी अन्नू देवी ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया तो मनोज फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजन तत्काल उसे कमालपुर चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभ में परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

