
चंदौली। सकलडीहा ब्लॉक के तारापुर गांव में होलिका स्थापना को लेकर ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। गांव में होलिका की निर्धारित भूमि पर नाबदान का गंदा पानी लगातार बह रहा है, जिससे स्थल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पानी निकासी के लिए बनी पुलिया पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, लेकिन अब तक उसकी न तो मरम्मत कराई गई है और न ही नाली की सफाई कराई गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार ग्राम प्रधान को दी गई, बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। 15 फरवरी को होलिका स्थापित होनी है। यदि समय रहते नाबदान के पानी की निकासी नहीं हुई तो होलिका की स्थापना संभव नहीं हो पाएगी।
ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि तत्काल ध्वस्त पुलिया की मरम्मत कराई जाए और नाबदान के पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि समय से होलिका की स्थापना कर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया जा सके।

