चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

Chandauli News: भाजपा विधानसभा सम्मेलन में गूंजा ‘व्यापारी सशक्त – राष्ट्र सशक्त’ का संदेश, GST सुधारों पर हुई चर्चा

चंदौली। सकलडीहा विकास खंड कार्यालय सभागार में मंगलवार को भाजपा सकलडीहा विधानसभा सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें हाल ही में वस्तु एवं सेवा कर (GST) की दरों में की गई कटौती और व्यापारियों के हित में लिए गए सरकारी निर्णयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश विधान परिषद सदस्य (MLC) धर्मेन्द्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी रहे। सम्मेलन की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। बड़ी संख्या में व्यापारी, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने व्यापारी वर्ग के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। GST दरों में कटौती से छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है और बाजार में नई ऊर्जा आई है।” उन्होंने बताया कि वस्त्र, धागा, सूत और जूता उद्योग पर GST घटाई गई है, वहीं खाद्य पदार्थ, पैक्ड दालें, रसोई गैस, कृषि यंत्रों जैसी आवश्यक वस्तुओं पर कर राहत दी गई है। रिटर्न फाइलिंग प्रक्रिया को डिजिटल और सरल बनाते हुए कंपोजिशन स्कीम की सीमा भी बढ़ाई गई है।

विशिष्ट अतिथि सूर्यमुनी तिवारी ने कहा कि “भाजपा सरकार का उद्देश्य है — व्यापारी सशक्त, राष्ट्र सशक्त। व्यापारी मजबूत होंगे तो अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।” उन्होंने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने न केवल कर प्रणाली को सरल किया है, बल्कि भ्रष्टाचार और अनावश्यक निरीक्षणों पर भी अंकुश लगाया है।

सभा में उपस्थित व्यापारियों ने सरकार के इन कदमों का स्वागत करते हुए भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र पाण्डेय ‘कवि’ ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह ने दिया।

कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल, रामसुन्दर चौहान, हरिश्चन्द्र अग्रहरि, संजय पाण्डेय, अरुण मिश्रा, गोपाल राजभर, संकठा राजभर, वीरेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, दिवेश पाण्डेय, अमित रस्तोगी, शैलेन्द्र पाण्डेय ‘कवि’, और अमित सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!