ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : कई दशकों तक सत्ता से दूर रहेंगे सपा-कांग्रेस, डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर साधा निशाना, पीडीए पाठशाला को बताया नौटंकी

चंदौली। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को चकिया पहुंचे। उन्होंने भाजपा नेता डॉ. प्रदीप मौर्य के आवास पर जाकर उनके भाई के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला।

 

डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बिहार की राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सभी दल केवल सत्ता की लालसा में एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी गैर-जिम्मेदाराना और ‘अर्बन नक्सलवादी’ शैली में बयान देते हैं, जिन पर जनता को ध्यान नहीं देना चाहिए। डिप्टी सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि इन दलों को आने वाले कई दशकों तक सत्ता का स्वाद नहीं मिलेगा।

 

पीडीए की पाठशाला और सपा की “नौटंकी”
समाजवादी पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) की पाठशाला को केशव मौर्य ने ‘नौटंकी’ करार दिया। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सपा को करारा जवाब देगी और उनकी स्थिति 2017 से भी बदतर हो जाएगी।

 

जनता का समर्थन भाजपा के विकास मॉडल के साथ
केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि राज्य की जनता अब गुंडों, माफियाओं और अपराधियों के साथ नहीं है, बल्कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही भाजपा की विकासपरक नीतियों के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी चुनावों में भाजपा पहले से मजबूत स्थिति में दिखेगी।

 

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह पूरी तरह पार्टी का आंतरिक विषय है और इसका निर्णय संगठन द्वारा ही लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई भाजपा और नए भारत में सभी निर्णय सुव्यवस्थित तरीके से होते हैं, जिन्हें सार्वजनिक रूप से पूर्व में उजागर नहीं किया जाता।

 

कांग्रेस पर भी साधा निशाना
उन्होंने कांग्रेस शासनकाल की आलोचना करते हुए कहा कि उस समय ‘भगवा आतंकवाद’ जैसे फर्जी मुद्दे उछाल कर संघ के पदाधिकारियों को झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की गई। अब कोर्ट के आदेश से सच सामने आ गया है और इन षड्यंत्रों के पीछे की साजिशें बेनकाब हो चुकी हैं।

Back to top button