
चंदौली। समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को चंदौली डीएम से मिला और बाढ़ से जुड़ी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। गंगा और उसकी सहायक नदियों में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों की दयनीय स्थिति का उल्लेख करते हुए प्रभावी प्रबंधन और त्वरित राहत की मांग की।
सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण यादव ने कहा नदियों में आई बाढ़ से हजारों लोग बुरी तरह प्रभावित हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। इससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सैकड़ों घर गिर चुके हैं तो हजारों एकड़ फसल भी बर्बाद हो गई है। समाजवादी पार्टी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 10 सूत्रीय मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से राहत सामग्री, पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर, आवागमन हेतु नावों की व्यवस्था और सिंचाई तंत्र को दुरुस्त करने जैसी मांगें शामिल हैं।
सपा नेताओं ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। डूब क्षेत्र में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए नावों की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारे और पशु-चिकित्सकों की टीम भेजी जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि प्रभावित गांवों में मेडिकल कैंप लगाकर इलाज की सुविधा दी जाए और जहां-जहां बाढ़ से बिजली कनेक्शन कट गया है, वहां बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। गिरे मकानों और फसलों का सर्वे कर प्रभावित लोगों को मुआवजा दिया जाए।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज नहीं किए तो पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगी। इस दौरान जिला अध्यक्ष सत्यनारायण राजभर सहित कई नेता मौजूद रहे।