ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : किसान विकास मंच की पंचायत में उठी समस्याएं, 15 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट का करेंगे घेराव

चंदौली। किसान विकास मंच की ओर से रविवार को शहाबगंज क्षेत्र के बटौवा गांव में किसान पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों की समस्याओं पर गहन चर्चा हुई। इसमें मुख्य रूप से धान की रोपाई और कटाई में हो रही देरी, बिजली आपूर्ति और नहरों की सफाई जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

 

संगठन के उपाध्यक्ष बंसलोचन मौर्य ने चंदौली जिले में धान की रोपाई और कटाई में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। सरकार से धान की खरीदी की समय सीमा 31 मार्च तक बढ़ाने की मांग की। संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने इलिया विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाकर 10 केवीए करने की जरूरत पर जोर दिया ताकि किसानों को पर्याप्त बिजली मिल सके। संगठन के संस्थापक राजेश्वर सिंह ने नहरों की सफाई को मात्र औपचारिकता करार देते हुए इसे प्रभावी तरीके से कराने की मांग की। त्रिलोकी नाथ यादव ने हर न्याय पंचायत स्तर पर तीन से चार धान खरीद केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया, ताकि किसानों को धान बेचने में कोई कठिनाई न हो।

 

अध्यक्ष राधेश्याम पांडे ने प्रति हेक्टेयर धान की खरीद सीमा 70 कुंतल करने की मांग उठाई, क्योंकि सीमित खरीद से किसानों को शेष धान बेचने में कठिनाई होती है। पंचायत के अंत में राम अवध सिंह ने क्रांतिकारी गीत गाकर किसानों में जोश भरा। उन्होंने घोषणा किया कि मंच के कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर 15 अक्टूबर को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे। इस घोषणा का उपस्थित किसानों ने जोरदार समर्थन किया। पंचायत में कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय और संचालन रामअवध सिंह ने किया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!