ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : शिक्षक, स्नातक की तर्ज पर व्यापारियों के भी चुने जाएं एमएलसी, व्यापार मंडल ने सीएम के नाम संबोधित पत्रक विधायक को सौंपा

चंदौली। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल रविवार को सैयदराजा विधायक सुशिल सिंह से उनके सदर कार्यालय पर मिला। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम 16 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। व्यापारियों ने शिक्षक और स्नातक की तर्ज पर व्यापारियों का भी एमएलसी चुनने की मांग की, जो व्यापारियों की हितों के लिए आवाज उठा सके।

 

मांग पत्र में प्रमुख रूप से व्यापारियों के लिए विधान परिषद में प्रतिनिधित्व देने की मांग की गई। इसमें अवध, काशी, बज्र, गोरक्ष, कानपुर-बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कुल छह व्यापारिक प्रतिनिधियों को विधान परिषद में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया, ठीक उसी तरह जैसे शिक्षक स्नातक क्षेत्र के लिए विधान परिषद सदस्य चुने जाते हैं। इसके अलावा, व्यापारियों ने जीएसटी के नाम पर अनावश्यक नोटिस जारी न करने की मांग की, जिससे व्यापारी बेवजह परेशान न हों। उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि सैम्पलिंग के नाम पर की जाने वाली छापेमारी बंद हो, ताकि व्यापारियों का शोषण न हो।

 

व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शस्त्र लाइसेंस देने की भी मांग की गई। इसके साथ ही, व्यापारियों की दुकानें आग लगने या क्षतिग्रस्त होने पर मुख्यमंत्री सहायता कोष से राहत प्रदान करने की बात कही गई। इसके अतिरिक्त, अन्य महत्वपूर्ण मांगें भी शामिल रहीं। इस अवसर पर राकेश शर्मा, हरजीत सिंह, अमित केशरी, महेंद्र गुप्ता, शीला देवी और आभा जायसवाल सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!