
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान लंबित मामलों, तस्करी और क्राइम कंट्रोल पर चर्चा की। कप्तान ने सड़क हादसों में होने वाली मौतों को शून्य करने पर जोर दिया। उन्होंने थानेदारों को निर्देशित किया कि हर हादसे का बारीकी के साथ विश्लेषण किया जाए। उसके आधार पर पुख्ता रणनीति तैयार करें, ताकि जिले में सड़कों हादसों में मौतों को शून्य किया जा सके।

एसपी ने आगामी आयोजनों, विशेषकर डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को ध्यान में रखते हुए पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि छोटी से छोटी घटना पर भी पैनी नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
अपराध नियंत्रण के तहत थानावार समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। प्रत्येक थाने से ऐसे पांच विवेचकों की सूची मांगी गई है, जो विवेचना कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं। इसके माध्यम से जवाबदेही तय करने और कार्यप्रणाली में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ‘मिशन शक्ति’ और बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में अवैध गतिविधियों पर भी सख्त रुख अपनाया गया। पुलिस अधीक्षक ने अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर ‘शून्य मृत्यु दर जिला’ (Zero Fatality District) का लक्ष्य निर्धारित किया गया। सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को न्यूनतम करते हुए शून्य तक लाने के लिए ठोस रणनीति बनाई जाए और प्रत्येक दुर्घटना का केस-बाय-केस विश्लेषण किया जाए।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैदल गश्त बढ़ाने और रात्रि गश्त के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे। साथ ही IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, ई-साक्ष्य और ई-सम्मन से संबंधित सूचनाओं की समयबद्ध फीडिंग तथा ‘यक्ष ऐप’ पर डेटा अपडेट करने को भी अनिवार्य किया गया।
बैठक के अंत में एसपी आकाश पटेल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पुलिसिंग में सक्रियता बढ़ाएं और सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाएं, ताकि जनपद में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सके।

