
चंदौली। मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के तहत पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने व सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को एएसपी अनंत चंद्रशेखर के नेतृत्व में पीडीडीयू नगर में आयोजित अभियान के दौरान महिलाओं व बालिकाओं को आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी दी गई।
एएसपी खुद नगर की सड़कों पर उतरे और मातहतों के साथ पैदल भ्रमण कर महिलाओं व बालिकाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं के लिए सुरक्षित और सशक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में वूमेन पॉवर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, एम्बुलेंस-108, चाइल्ड लाइन-1098, स्वास्थ्य सेवा-102, महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 और साइबर हेल्पलाइन-1930 सहित कई हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।
महिला पुलिस कर्मियों ने पम्फलेट वितरित कर शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और महिलाओं के अधिकारों से अवगत कराया। इसके साथ ही थाना स्तर पर नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और उपलब्ध सेवाओं की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सीओ कृष्ण कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर गगन राज सिंह, रेलवे चौकी प्रभारी अजय सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।