ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली में 200 करोड़ से अधिक लागत से बनेगा इंटीग्रेटेड कोर्ट कांप्लेक्स, दो एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा धान का कटोरा, जानिए जिले में विकास को लेकर क्या बोले सीएम योगी

चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सीमावर्ती और कृषि प्रधान जनपद चंदौली अब विकास की तेज रफ्तार पकड़ रहा है। डबल इंजन की सरकार ने जनपद की तस्वीर बदलने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। चंदौली में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत से इंटीग्रेटेड कोर्ट कांप्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। वहीं कृषि प्रधान जनपद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस वे से भी सीधे जुड़ेगा। सीएम ने गुरुवार को जनपद आगमन के दौरान ये घोषणाएं की।

 

उन्होंने कहा कि बाबा कीनाराम की स्मृति में शुरू किया गया मेडिकल कॉलेज अब सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर रहा है। इसके साथ ही, लंबे समय से लंबित चंदौली में जिला न्यायालय की स्थापना की मांग अब पूरी होने जा रही है। 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा, जिसमें सभी जिला स्तरीय अदालतें और अधिवक्ताओं के चैंबर एक ही परिसर में होंगे।

 

चंदौली की कनेक्टिविटी को भी नई दिशा दी जा रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का विस्तार चंदौली होते हुए सोनभद्र के शक्तिनगर तक किया जा रहा है, जिसका सर्वे कार्य जारी है। इस परियोजना से चंदौली सीधे प्रदेश की राजधानी लखनऊ और देश की राजधानी दिल्ली से जुड़ जाएगा। वहीं, गंगा एक्सप्रेसवे को मेरठ से प्रयागराज होते हुए वाराणसी-चंदौली और फिर गाजीपुर तक ले जाने की योजना है। यह दोनों एक्सप्रेसवे चंदौली के लिए बड़ी उपलब्धि होंगे।

मुगलसराय में एलिवेटेड पुल के निर्माण पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया जा सके। इसके अलावा, नौगढ़ क्षेत्र में निवेश आमंत्रण अभियान को तेज करने के निर्देश प्रशासन को दिए गए हैं। इसके जरिये चंदौली में हजारों करोड़ रुपये का निवेश संभावित है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे चंदौली कृषि प्रधान जनपद के साथ ही उद्योग का भी केंद्र बनेगा।

 

Back to top button
error: Content is protected !!