
चंदौली। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) वाराणसी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बहुचर्चित खाद्यान्न घोटाले में संलिप्त बलिया जनपद के बांसडीह के पूर्व खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र से की गई, जहां पूर्व बीडीओ लंबे समय से रह रहे थे। उसके खिलाफ 27 लाख रुपये गबन का आरोप है।
गिरफ्तार पूर्व बीडीओ दयाराम विश्वकर्मा, मूल रूप से शहाबगंज, चंदौली का निवासी है। वर्ष 2006 में बलिया के बांसडीह ब्लॉक में बीडीओ पद पर कार्यरत रहते हुए शासकीय खाद्यान्न वितरण में भारी अनियमितता में शामिल पाया गया था। आरोपी पर सरकारी धन एवं खाद्यान्न में लगभग 27 लाख रुपये के गबन का आरोप है, जिस पर बांसडीह थाना में धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दयाराम विश्वकर्मा वर्ष 2022 में सुल्तानपुर में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) पद से सेवानिवृत्त हुआ था। गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना पता बदल लिया था और वाराणसी के सुंदरपुर स्थित कर्मजीतपुर क्षेत्र में रह रहा था। ईओडब्ल्यू वाराणसी की टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर दबोच लिया। इस अभियान में निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल हेमंत सिंह, विनीत पांडे, राजकिशोर, सुनील मिश्रा, राज सिंह यादव और सरफराज अंसारी ने सक्रिय भूमिका निभाई।