
चंदौली। खराब मौसम के चलते खराब हुई फसल से चिंतित किसानों के लिए अच्छी खबर है। उप निदेशक कृषि भीमसेन ने बताया कि जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अपनी फसल का बीमा कराया है, वे फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर अवश्य दर्ज कराएं। किसान टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह जानकारी निर्धारित समय सीमा में देना अनिवार्य है, तभी किसानों को फसल बीमा का लाभ प्राप्त होगा।
योजना के अंतर्गत अधिसूचित फसलों — धान, बाजरा, ज्वार, अरहर आदि को प्रतिकूल मौसमीय परिस्थितियों जैसे प्राकृतिक आपदा, ओलावृष्टि, जलभराव, बिजली गिरना, बादल फटना, भूस्खलन, कीट या रोग से होने वाली क्षति पर बीमा सुरक्षा प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त फसल कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी गई फसल को भी 15 दिनों तक ओलावृष्टि, चक्रवात या बेमौसम बारिश से हुए नुकसान की स्थिति में बीमा कवरेज मिलता है।
किसान समय पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। वे टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर सकते हैं या जनपद हेतु बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों से मोबाइल नंबर 8976965229 या 9935903681 पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।

