क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: प्रसव के दौरान महिला के पेट में तौलिया छोड़ने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर डॉक्टर दंपती पर मुकदमा दर्ज

चंदौली। जनपद के एमसीएच हेरिटेज विंग में कार्यरत महिला चिकित्सक डॉ. अंजुलता यादव  उर्फ अंजू यादव पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है। बलुआ थाना क्षेत्र के हृदयपुर गांव निवासी मनीष कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी के प्रसव के दौरान ऑपरेशन में डॉक्टर ने पेट में तौलिया छोड़ दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। न्यायालय में याचिका दायर करने के बाद कोर्ट ने डॉ. अंजुलता यादव और उनके पति डॉ. संजय यादव (तैनात सीएचसी सकलडीहा) के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
पीड़ित मनीष कुमार के अनुसार उनकी पत्नी रंजना यादव को 23 अक्टूबर 2024 को अचानक पेट दर्द हुआ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां से उसे एमसीएच हेरिटेज चंदौली रेफर किया गया, जहां डॉ. अंजुलता यादव की देखरेख में ऑपरेशन हुआ और बच्ची का जन्म हुआ।

ऑपरेशन के कुछ दिन बाद ही प्रसूता को उल्टी, पेट दर्द और बुखार होने लगा। डॉक्टर ने इसे सामान्य बताते हुए टाल दिया। 30 अक्टूबर को महिला को डिस्चार्ज कर दिया गया, लेकिन घर लौटने के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

अल्ट्रासाउंड में खुलासा
20 नवंबर को डॉ. कविता यादव की सलाह पर अल्ट्रासाउंड कराया गया, जिसमें ऑपरेशन में गंभीर गड़बड़ी की बात सामने आई और पुनः ऑपरेशन की सलाह दी गई। इस पर जब परिजन ने डॉ. अंजुलता से संपर्क किया तो उन्होंने इसे सामान्य बताकर अनदेखा कर दिया। बाद में डॉ अंजू यादव ने अपने रेज हॉस्पिटल में बुलाकर भी उपचार किया। लेकिन फायदा नहीं हुआ।

इसके बाद पीड़ित पक्ष ने अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराया। 17 जनवरी को पीडीडीयू नगर स्थित एक अस्पताल में सर्जरी की सलाह दी गई। आखिरकार वाराणसी के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया, जहां महिला के पेट से तौलिया निकाला गया। इस दौरान संक्रमण फैलने से आंत भी सड़ चुकी थी।

डॉक्टर दंपती पर मुकदमा दर्ज
मनीष कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने डॉ. अंजुलता के पति डॉ. संजय यादव से मदद मांगी तो उन्होंने गाली-गलौज कर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। न्याय न मिलने पर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया।

कोर्ट ने सुनवाई के बाद डॉ. अंजुलता यादव और डॉ. संजय यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!