
चंदौली। बलुआ थाना के मोलनापुर गांव निवासी सीआरपीएफ जवान अरविंद यादव की बस जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में खाई में गिरने से मौत हो गई। जवान की मौत की सूचना मिलते गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद परिजनों में मातम पसर गया।
अरविंद यादव अपने साथियों के साथ बस में सवार होकर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। उसी दौरान उधमपुर के बसंतगढ़ के पास कन्दवा इलाके में पहाड़ी रास्ते से फिसलकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। गुरुवार को कंट्रोल रूम से जैसे ही यह खबर परिजनों को दी गई, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक जवान के पिता पंचम यादव, माता शांति देवी, पत्नी अर्चना देवी, पुत्र प्रतीक, पुत्री दीक्षा, भाई अनिरुद्ध और बहन प्रियंका गहरे सदमे में हैं।
अरविंद यादव ने 19 फरवरी 2010 को सीआरपीएफ में सेवा ज्वाइन की थी और वर्तमान में हवलदार के पद पर कार्यरत थे। वे अपने कर्तव्यों को लेकर बेहद समर्पित और अनुशासित माने जाते थे। ड्यूटी के दौरान हुई दुर्घटना से न केवल परिवार, बल्कि पूरा गांव शोक संतप्त है।