ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : कांग्रेस ने जिला, शहर और ब्लॉक स्तर की कमेटियां भंग की, पदाधिकारियों का नए सिरे से चयन, जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष के 40 दावेदार

चंदौली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठन को मजबूत बनाने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ जिला, शहर, और ब्लॉक स्तर की सभी इकाइयों को भंग कर दिया है। पदाधिकारियों का नए सिरे से चयन किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष व शहर अध्यक्ष पद के लिए 40 दावेदार सामने आए हैं। सभी का लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में साक्षात्कार लिया गया।

 

संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत नए पदाधिकारियों के चयन के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय (पूर्व मंत्री) की अध्यक्षता में एक चयन समिति का गठन किया गया है। इस समिति में राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय के नेतृत्व में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सलमान खुर्शीद, निर्मल खत्री, बृजलाल खाबरी, और वरिष्ठ नेता पी.एल. पुनिया सहित कई दिग्गज शामिल हैं। इसके अलावा, सांसद किशोरी लाल शर्मा, विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा “मोना”, सुप्रिया श्रीनेत, विधायक वीरेंद्र चौधरी और राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी (पूर्व मंत्री, छत्तीसगढ़) ने भी समिति की बैठकों में भाग लिया।

 

लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में 8 जनवरी को चंदौली के जिला और शहर अध्यक्ष पद के लिए कुल 40 दावेदारों का साक्षात्कार लिया गया। इनमें से 32 दावेदार जिला अध्यक्ष और 8 दावेदार शहर अध्यक्ष पद के लिए सामने आए। पदाधिकारियों के चयन से पहले, प्रदेश और जिला प्रभारी नेताओं ने चंदौली का सघन दौरा किया। उन्होंने संगठन की स्थिति मजबूत करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं। इस प्रक्रिया ने जिले में कांग्रेस की नई ऊर्जा का संचार किया है। नए संगठन के गठन को लेकर कांग्रेसजनों में उत्साह है। सभी की निगाहें अब इस पर टिकी हैं कि किसे नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

 

Back to top button