
चंदौली। विकसित उत्तर प्रदेश @2047 समृद्धि का शताब्दी पर्व महाभियान के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगमों के महापौर, पार्षदों, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों व सदस्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि विद्यार्थी, युवा, किसान, महिलाएं और आम नागरिक सभी अपने-अपने सुझाव देकर विकसित उत्तर प्रदेश विजन डॉक्यूमेंट को सशक्त बना सकते हैं। नागरिक https://samarthuttarpradesh.up.gov.in पोर्टल पर QR कोड स्कैन कर विभिन्न सेक्टर—कृषि, पशुधन संरक्षण, औद्योगिक विकास, आईटी व टेक्नोलॉजी, पर्यटन, नगर एवं ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और सुशासन—से जुड़े सुझाव दे सकते हैं। बेहतर सुझाव देने वालों को जिला और प्रदेश स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि नगर निकायों में खाली पड़ी जमीनों का उपयोग कर मल्टी कॉम्प्लेक्स, ओपन जिम, बारातघर, लॉन, लघु पर्यटन केंद्र, पार्किंग और अन्य अभिनव पहल स्थापित की जाएं ताकि नगर निकायों की राजस्व आय बढ़ सके।
उन्होंने कहा, “विजन 2047 हमारे लिए केवल एक लक्ष्य नहीं बल्कि संकल्प है। उत्तर प्रदेश को न केवल भारत का सबसे सशक्त व समृद्ध राज्य बनाना है, बल्कि इसे दुनिया के सामने विकास, संस्कृति और मानवीय मूल्यों का आदर्श भी प्रस्तुत करना है। यहाँ विकास की गंगा और परंपरा की यमुना साथ-साथ बहेंगी।”
वीडियो संवाद के दौरान नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं के अध्यक्षगण व सदस्य अपने-अपने सभागारों में जुड़कर मुख्यमंत्री का उद्बोधन सुनते रहे।