
चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार की दोपहर चंदौली पहुंच गए। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। सीएम कलेक्ट्रेट में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों संग मीटिंग कर विकास कार्यों व जनपद में चल रही शासन की महात्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा करेंगे। सीएम के आगमन के मद्देनजर चंदौली प्रशासन अलर्ट है।
सीएम हेलिकॉप्टर से गुरुवार की दोपहर 2.14 बजे चंदौली मुख्यालय के समीप जगदीशसराय स्थित निजी स्कूल परिसर में बनाए गए हेलीपैड पहुंचे। वहां से कार से कलेक्ट्रेट पहुंचे। मुख्यमंत्री आकांक्षात्मक जनपद में विकास कार्यों और परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करेंगे। वहीं न्यायालय भवन निर्माण के लिए शिलान्यास कर सकते हैं।
मुख्यालय लगभग दो घंटे तक चंदौली में बिताने के बाद वाराणसी के लिए रवाना होंगे। सीएम के आगमन के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारी एक दिन पहले से ही तैयारी में जुटे रहे।